"कल कभी नहीं आता"

गर्मियों का समय था। स्कूल में छुट्टियाँ शुरू होने ही वाली थीं। सभी बच्चे बहुत खुश थे क्योंकि छुट्टियों का मतलब था—घूमना, मस्ती और नानी के घर जाना! लेकिन जैसे हर साल होता था, इस साल भी उनके शिक्षक ने गर्मियों का होमवर्क दिया।


छुट्टी से पहले मैडम ने बच्चों से कहा,

"बच्चों, छुट्टियों में मस्ती करना ज़रूरी है, लेकिन काम को मत भूलना। मस्ती के साथ-साथ होमवर्क भी समय पर करना है।"

सभी बच्चों ने एकसाथ कहा, "हाँ मैम, हम मस्ती भी करेंगे और काम भी।"

मैडम मुस्कुराई और सबको छुट्टियों की शुभकामनाएं दीं।


सोनू और पिंकी की छुट्टियाँ

सोनू और पिंकी अपनी मम्मी के साथ नानी के घर पहुँचे। वहाँ तो जैसे मस्ती की बारिश हो गई—खाना, खेल, टीवी, और ढेर सारी नींद!

जब मम्मी ने कहा,

"बच्चों, चलो होमवर्क कर लो, फिर खेलना,"

तो बच्चों ने जवाब दिया,

"अरे मम्मी, अभी तो बहुत दिन हैं। कल कर लेंगे।"

और ये "कल" हर दिन टलता गया।


छुट्टियाँ खत्म होते-होते जब वो घर लौटे, तो मम्मी ने कहा,

"अब तो स्कूल शुरू होने वाला है, जल्दी से काम पूरा करो।"

फिर क्या था—दिन-रात जागकर जैसे-तैसे अधूरा काम पूरा करने की कोशिश की गई।


सोनू बोला,

"ये स्कूल वाले भी कितना काम देते हैं, पूरा ही नहीं होता!"

पिंकी बोली,

"हाँ भैया, सही कहा आपने। इतने दिन से काम कर रहे हैं, फिर भी खत्म नहीं हुआ।"


स्कूल में सच्चाई का सामना

स्कूल शुरू हो चुका था। सभी बच्चों ने अपना काम जमा किया, लेकिन सोनू और पिंकी की कॉपी नहीं आई।

मैडम ने पूछा,

"तुम दोनों की कॉपी कहाँ है?"

सोनू ने कहा,

"मैडम, आज भूल गए। कल लाएंगे।"


अगले दिन भी कॉपी नहीं आई। अब मैडम को शक हुआ। उन्होंने घर पर फोन किया।

"हैलो, मैं सोनू और पिंकी के स्कूल से बोल रही हूँ। आपके बच्चों ने अभी तक काम जमा नहीं किया है। कृपया स्कूल आकर मिलिए।"


अगले दिन मम्मी स्कूल आईं और कॉपी दिखाई। कॉपी अधूरी थी।

मैडम ने सख़्त लेकिन प्यार भरे स्वर में कहा,

"बच्चों, काम पूरा न करना एक गलती है, लेकिन झूठ बोलना उससे भी बड़ी गलती है। आप दोनों ने हर बार बहाना बनाया और सच छुपाया।"


सीख और संकल्प

मैडम ने बच्चों को समझाया,

"काम को टालना और झूठ बोलना हमें जीवन में पीछे ले जाता है। सफल वही होते हैं जो समय का सम्मान करते हैं और ईमानदारी से काम करते हैं। ‘कल’ पर भरोसा मत करो, क्योंकि कल कभी आता नहीं है।"


सोनू और पिंकी को अपनी गलती का एहसास हुआ। उन्होंने मम्मी और मैडम से माफी माँगी और कहा,

"अब हम अपना हर काम समय पर करेंगे और कभी भी झूठ नहीं बोलेंगे।"


शिक्षा

"समय पर किया गया काम, भविष्य में सफलता लाता है।"

"झूठ से बचो, सच्चाई अपनाओ।"

"जो आज का काम कल पर टालते हैं, वो पीछे रह जाते हैं।"


Comments

Most Popular

Class 7 Chapter – 2 : India and Her Neighbours

कक्षा 10 पास करने के बाद कॉमर्स स्ट्रीम, छात्रों के लिए एक बेहतरीन विकल्प

PRE BOARD-II 2025-26 QUESTION PAPER LINK CLASSES X AND XII

Class - 9 Social Science Part - 2 Goyal Prakashan